गिरफ्तार हुए विधायक देवेंद्र यादव, घर के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात, कांग्रेस कार्यकर्ताओं की लगी भीड़

गिरफ्तार हुए विधायक देवेंद्र यादव, घर के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात, कांग्रेस कार्यकर्ताओं की लगी भीड़

 

बलौदाबाजार हिंसा मामले में बलौदाबाजार पुलिस की टीम ने आज भिलाई नगर के कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव के आवास में सुबह से दबिश दी है। विधायक देवेंद्र यादव गिरफ्तार हो गए हैं। जिसके बाद उनके सेक्टर 5 स्थित विधायक निवास के बाहर समर्थकों की भीड़ लग गई। कहा जा रहा है कि पुलिस की टीम को अंदर जाने नहीं दिया गया और विधायक के समर्थकों के साथ बाहर पुलिस की तीखी बहस भी देखने को मिली है।मिली जानकारी के अनुसार घंटों इंतजार के बाद भी पुलिस विधायक देवेंद्र तक नहीं पहुंच पा रही थी। दोपहर के समय प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज भी देवेंद्र यादव के बंगले पहुंच गए। उनकी पुलिस अधिकारियों से लगातार चर्चा हो रही है। देवेंद्र यादव बंगले के बाहर नहीं आए। विधायक देवेंद्र यादव के बंगले पर भीड़ बढ़ गई। इधर महिला बल सहित बड़ी संख्या से पुलिस बल भी मौजूद है।गौरतलब है कि बीते 10 जून को जैतखंभ को क्षति पहुंचाने के मामले में सतनामी समाज ने बलौदाबाजार में प्रदर्शन किया था। इस दौरान उनका विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गया था। भीड़ ने कलेक्टर और एसपी कार्यालय में तोडफ़ोड़ करते हुए आग लगा दी गई थी। इसके साथ ही बाहर खड़े वाहनों को भी भीड़ ने नहीं बख्शा था। तोडफ़ोड़ के बाद उन वाहनों में आग लगा दी थी।

 

वहीं इस प्रदर्शन से पहले एक सभा हुई थी, जिसमें भिलाई विधायक देवेंद्र यादव सहित कई कांग्रेस नेता शामिल हुए थे। इसी सिलसिले में बलौदा बाजार पुलिस विधायक देवेंद्र यादव से पूछताछ करना चाहती है। इससे पूर्व लगातार 4 बार नोटिस मिलने के बावजूद विधायक ने अपना बयान नहीं दर्ज कराया। उन्होंने बयान देने से मना कर दिया था और कहा था कि व्यस्तता की वजह से वे बयान देने बलौदाबाजार नहीं आ सकते। पुलिस को अगर बयान दर्ज करना है तो वो उनके पास आए और बयान लेकर जाए। जिसके बाद पुलिस की टीम आज दूसरी बार विधायक के निवास पहुंची है।