*पात्र किसानों को बड़ी राहत: 05 एवं 06 फरवरी को शेष पात्र किसानों से समर्थन मूल्य पर की जा रही धान खरीदी*
*कलेक्टर ने पात्र किसानों से निर्धारित तिथि तक धान विक्रय सुनिश्चित करने की अपील की*
हमर छत्तीसगढ़ न्यूज नारायण राठौर
सक्ती, 05 फरवरी 2026 // राज्य शासन द्वारा किसानों के हित में लिए गए निर्णय के तहत जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की प्रक्रिया को सुचारू रूप से आगे बढ़ाया जा रहा है। इसी क्रम में शेष पात्र किसानों को धान विक्रय हेतु संबंधित धान उपार्जन केन्द्रों में टोकन जारी किए गए है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 05 एवं 06 फरवरी 2026 को समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की जा रही है। शासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार ऐसे किसान जिन्होंने 10 जनवरी 2026 के पश्चात् टोकन के लिए आवेदन किया था, लेकिन धान का सत्यापन नहीं हो पाया था, उनके धान की खरीदी की जाएगी। इसके अतिरिक्त 10 जनवरी 2026 के पश्चात् आवेदन करने वाले एवं सत्यापन उपरांत पात्र पाए गए किसानों का धान भी खरीदा जाएगा। वहीं, 28, 29 एवं 30 जनवरी को टोकन प्राप्त करने के बावजूद किसी कारणवश धान विक्रय नहीं कर पाए किसानों को भी 05 एवं 06 फरवरी को धान बेचने का अवसर प्रदान किया गया है। कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने जिले के सभी संबंधित पात्र किसानों से अपील की है कि वे अपने शेष धान की बिक्री निर्धारित समय पर सुनिश्चित करें, ताकि शासन की इस महत्वपूर्ण योजना का पूर्ण लाभ पात्र किसानों को मिल सके।

