*दंतेवाड़ा की डीएसपी कल्पना वर्मा निलंबित, वित्तीय लेनदेन व गोपनीय जानकारी लीक के आरोप ..*

*दंतेवाड़ा की डीएसपी कल्पना वर्मा निलंबित, वित्तीय लेनदेन व गोपनीय जानकारी लीक के आरोप ..*

हमर छत्तीसगढ़ न्यूज नारायण राठौर

 

CG DSP Suspended: दंतेवाड़ा की डीएसपी कल्पना वर्मा निलंबित, वित्तीय लेनदेन व गोपनीय जानकारी लीक के आरोप ..

रायपुर।छत्तीसगढ़ सरकार ने दंतेवाड़ा में पदस्थ डीएसपी कल्पना वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। राज्य शासन द्वारा जारी आदेश में उनके विरुद्ध वित्तीय लेनदेन, कर्तव्य के दौरान अवैध आर्थिक लाभ, पद के दुरुपयोग एवं अनुपातहीन संपत्ति अर्जन जैसे गंभीर आरोपों का उल्लेख किया गया है।

आदेश के अनुसार, डीएसपी कल्पना वर्मा के खिलाफ प्राप्त शिकायत की प्राथमिक जांच रिपोर्ट में उनके बयानों, वित्तीय लेनदेन और व्हाट्सएप चैट के तथ्यों में विरोधाभास पाए गए। जांच में यह भी सामने आया कि उन्होंने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए अवैध लाभ अर्जित किया, जो छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम, 1965 के नियम-3 का उल्लंघन है।

सूत्रों के मुताबिक, डीएसपी कल्पना वर्मा पर व्यापारी को प्रेम संबंधों के जरिए हनी ट्रैप में फंसाकर करीब ढाई करोड़ रुपये की वसूली, महंगे वाहन और आभूषण लेने, साथ ही नक्सल विरोधी अभियानों से जुड़ी खुफिया जानकारी लीक करने के आरोप भी जांच में सामने आए थे। इस मामले में एडिशनल एसपी कीर्तन राठौर के नेतृत्व में करीब 1400 पेज की जांच रिपोर्ट तैयार की गई थी।

पूर्व में एक अन्य मामले में एडिशनल एसपी के तत्काल निलंबन और इस प्रकरण में देरी को लेकर पुलिस विभाग के रवैये पर सवाल उठ रहे थे। अब राज्य शासन ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम-9 के तहत डीएसपी कल्पना वर्मा को निलंबित करने की कार्रवाई की है।

निलंबन अवधि के दौरान डीएसपी कल्पना वर्मा का मुख्यालय पुलिस मुख्यालय नवा रायपुर निर्धारित किया गया है और उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।

राज्य सरकार के इस फैसले को प्रशासनिक सख्ती के तौर पर देखा जा रहा है।