विवादास्पद किताबें बांटने पर इन संगठनों की आपत्ति; आठ लोग हिरासत में
भोपाल: मध्य प्रदेश के दतिया कस्बे में कथित तौर से धर्मांतरण के लिए विवादास्पद पुस्तकों को बांटने के मामले में हिन्दू संगठनों ने आपत्ति जताई. इसके बाद पुलिस ने आठ लोगों को हिरासत में लिया है.
हिंदू संगठनों ने लोगों को पकड़ा
पुलिस के मुताबिक पांच महिलाओं सहित 10 लोगों के एक ग्रुप ने इतवार को धार्मिक किताबों का वितरण किया. इस पर कुछ लोगों ने आपत्ति जताई और पुलिस को शिकायत की. कोतवाली पुलिस थाना प्रभारी रविन्द्र शर्मा के मुताबिक बजरंग दल (Bajrang Dal) और विश्व हिंदू परिषद (Vishwa Hindu Parishad) के कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर विवादास्पद धार्मिक पुस्तकें बांट रहे महिलाओं व पुरुषों को होली क्रॉस स्कूल के पास पकड़ा.
लोगों से पहचान पत्र मांगे गए
इसके बाद वे इन लोगों को कोतवाली थाने लेकर आ गए. पुलिस ने बताया कि जब हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने इन पुस्तकों का वितरण करने वाले महिला-पुरुषों से उनके पहचान पत्र मांगें, तो उन्होंने परिचय पत्र नहीं दिखाए. इसके बाद विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल के कार्यकर्ताओं और इन कथित धर्मांतरण कराने वाले लोगों के बीच में विवाद हो गया.

पांच महिलाओं समेत 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा
शर्मा ने बताया, ‘‘पुलिस ने इस मामले में पुस्तक वितरण करने वाली पांच महिलाओं सहित 10 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है. इनमें से आठ लोगों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ जारी है.’’
