*’हाय रानी, हेलो रानी’ गाने पर आरक्षक ने बनाया REEL विडियो, वर्दी में पत्नी के साथ किया डांस, आरक्षक लाइन अटैच…*
हमर छत्तीसगढ़ न्यूज नारायण राठौर
बिलासपुर/- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में पुलिस वर्दी में डांस कर सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट करना एक आरक्षक को भारी पड़ गया। मस्तूरी थाने में पदस्थ आरक्षक देवानंद कैवर्त्य ने अपनी पत्नी के साथ ‘हाय रानी, हेलो रानी’ गाने पर डांस करते हुए वीडियो बनाया और उसे इंस्टाग्राम पर शेयर कर दिया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया।
मामला सामने आने के बाद एसएसपी रजनेश सिंह ने इसे गंभीरता से लिया। जांच में पुष्टि हुई कि वीडियो वर्दी पहनकर बनाया गया है, जिसे पुलिस विभाग ने अनुशासनहीनता और यूनिफार्म के दुरुपयोग की श्रेणी में माना। इसके बाद आरक्षक को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया गया।
SSP रजनेश सिंह का कहना है कि, वर्दी केवल ड्यूटी और गरिमा का प्रतीक है, इसका इस्तेमाल निजी गतिविधियों या मनोरंजन के लिए नहीं किया जा सकता। एसएसपी ने साफ शब्दों में कहा कि पुलिस विभाग में अनुशासन सर्वोपरि है और इस तरह की हरकतें किसी भी हाल में स्वीकार नहीं की जाएंगी।
इस कार्रवाई को विभाग की सख्ती और अनुशासन बनाए रखने के संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।