*1 अप्रैल 2026 से ई-चालान मॉड्यूल के माध्यम से चालान होंगे जमा*

 

*1 अप्रैल 2026 से ई-चालान मॉड्यूल के माध्यम से चालान होंगे जमा*

*कलेक्टर ने जारी किए निर्देश: ई-कोष पोर्टल पर ओटीसी ई-चालान होंगे जमा*

सक्ती, 17 मार्च 2026/ कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने ई-कोष पोर्टल अंतर्गत ई- चालान माड्यूल के माध्यम से ओटीसी (ओवर द काउंटर) ई-चालान जमा करने के निर्देश सभी बैंक प्रबंधकों को जारी किए हैं।कलेक्टर ने बताया कि संचालनालय कोष एवं लेखा छत्तीसगढ़, रायपुर से प्राप्त निर्देशों के अनुसार ई-कोष पोर्टल अंतर्गत ई-चालान मॉड्यूल के माध्यम से चालान जमा करने की नई व्यवस्था लागू की गई है। इसके तहत दिनांक 01 अप्रैल 2026 से भौतिक चालानों (मैनुअल चालान) का प्रचलन समाप्त कर दिया जाएगा और सभी चालान ऑनलाइन माध्यम से ही जमा किए जाएंगे। उन्होंने निर्देशित किया कि ओटीसी सुविधा के अंतर्गत ई-चालान पोर्टल पर चालान जमा करते समय चालान का डेटा स्वतः बैंक को ऑनलाइन प्रेषित हो जाएगा, जिससे बैंक स्तर पर पुनः प्रविष्टि की आवश्यकता नहीं रहेगी। बैंक काउंटर पर केवल ऑनलाइन जनरेटेड चालान, जिसमें ट्रेजरी रेफरेंस नंबर (टीआरएन) अंकित के आधार पर ही राशि जमा की जाएगी। कलेक्टर ने यह भी बताया कि बैंक द्वारा एमआईएस कोषालय के माध्यम से ऑनलाइन संबंधित चालान का प्रिंट भी प्राप्त किया जा सकेगा। ई-चालान पोर्टल अन्तर्गत ओटीसी के माध्यम से कर एवं शुल्क जमा करने की प्रक्रिया विस्तार से जारी की गई है। कलेक्टर श्री तोपनो ने सभी आहरण संवितरण अधिकारियों को को निर्देशित किया है कि 01 अप्रैल 2026 से ई-चालान ओटीसी के माध्यम से ऑनलाइन जमा की व्यवस्था को अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें तथा इस संबंध में आवश्यक कार्यवाही समय पर पूर्ण किया जाए।