*कलेक्टर ने जनदर्शन में सुनी आमजनों की विभिन्न समस्याएं*
*आज जनदर्शन में कुल 22 आवेदन हुए प्राप्त*
हमर छत्तीसगढ़ न्यूज नारायण राठौर
सक्ती, 24 मार्च 2026// जिला कार्यालय में आयोजित हुए कलेक्टर जनदर्शन में आज कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री अमृत विकास तोपनो द्वारा जिले के दूर दराज के इलाकों से आए विभिन्न लोगों की समस्याएं सुनी गई। जनदर्शन में आज अलग-अलग समस्याओं के निराकरण हेतु कुल 22 आवेदन प्राप्त हुए। जिस पर कलेक्टर ने प्राप्त आवेदनों को कलेक्ट्रेट परिसर सभाकक्ष में उपस्थित संबंधित अधिकारियों को तत्काल देकर यथाशीघ्र नियमानुसार त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए है। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री वासु जैन, अपर कलेक्टर श्री बीरेंद्र लकड़ा सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
जनदर्शन में आज तहसील बाराद्वार अंतर्गत ग्राम पलाड़ी खुर्द निवासी श्रीमती सीमा सहिस ने निर्धन कन्या विवाह सहायता हेतु आवेदन पत्र के सबंध में, तहसील अड़भार अंतर्गत ग्राम बंदोरा निवासी श्रीमती सुन्दर बाई ने दस किलो प्रमाणिकता राशन कार्ड निरस्त कर 35 किलो राशन कार्ड जारी करने के सम्बन्ध में, तहसील जैजैपुर अंतर्गत ग्राम बेलादुला निवासी श्री कुंजराम पिता रामाधार ने कुंजराम के हक व स्वामित्व की भूमि पर तहसीलदार जैजैपुर के द्वारा श्री दरसराम भारद्वाज का गलत एवं फर्जी तरीके से नाम दर्ज किए जाने के खिलाफ आपत्ति
दर्ज करने के संबंध में, तहसील सक्ती अंतर्गत ग्राम नवापारा कला निवासी श्री अशोक सिंह कंवर ने पीएम किसान सम्मान निधि की राशि प्रदान कराने के संबंध में, तहसील मालखरौदा अंतर्गत ग्राम सतगढ़ निवासी श्री छतराम चंद्रा ने ग्राम पंचायत अमेराडीह आश्रित ग्राम सतगढ़ से सेवा सहकारी समिति अलग कर नया सेवा सहकारी समिति बनाने के सम्बन्ध में सहित अन्य विभिन्न आवेदको द्वारा साप्ताहिक जनदर्शन में आवेदन दिया गया।
उल्लेखनीय है कि आमजनों की समस्याओं का प्राथमिकता के साथ तथा शीघ्र निराकरण करने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट कार्यालय में प्रत्येक सप्ताह के मंगलवार को जिला स्तरीय जनदर्शन का आयोजन किया जा रहा है।
