*“सही दवा-शुद्ध आहार, यही छत्तीसगढ़ का आधार” थीम पर सक्ती जिले में 15 दिवसीय विशेष सघन जांच अभियान जारी*
हमर छत्तीसगढ़ न्यूज नारायण राठौर
सक्ती, 30 अप्रैल 2026 // छत्तीसगढ़ शासन लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के सचिव के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के आदेश के परिपालन में “सही दवा-शुद्ध आहार, यही छत्तीसगढ़ का आधार” थीम पर 15 दिवसीय दिनांक 27 अप्रैल 2026 से 11 मई 2026 तक खाद्य एवं औषधि प्रशासन, राजस्व विभाग एवं पुलिस प्रशासन तथा नोडल एवं अपर कलेक्टर श्री बीरेंद्र लकड़ा के नेतृत्व में विशेष सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।
सक्ती के जैजैपुर ब्लॉक में तहसीलदार, पुलिस प्रशासन एवं खाद्य एवं औषधि प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा खाद्य प्रतिष्ठानों में दुग्ध एवं दुग्ध उत्पादकों, गुपचुप चाट ठेला, गन्ना रस दुकान, आइसक्रीम, फालूदा, स्वीट्स आदि का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान खुले में रखे बीकानेर स्वीट्स से 4 किलो बूंदी लाई को अस्वच्छ परिस्थिति में रखे पाए जाने पर नष्ट कराया गया एवं अखबारी पेपर का उपयोग खाद्य पदार्थों को लपेटने में नहीं करने का निर्देश दिया गया। चाट गुपचुप ठेलों में रंग का उपयोग नहीं करने का निर्देश दिया गया। मोहन डेयरी नटराज स्वीट्स में एक्सपायरी खाद्य पदार्थ पाए जाने पर तत्काल मौके पर नष्ट कराया गया।
अजमत बेकरी में बेकरी प्रोडक्ट में विनिर्माण तिथि नहीं होने से सभी खाद्य पदार्थों को विक्रय नहीं करने का निर्देश दिया गया। निरीक्षण के दौरान जन जागरूकता व विशेष अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान 11 मई तक लगातार चलेगी। इस सघन जांच अभियान के दौरान जैजैपुर के तहसीलदार श्री विद्याभूषण साव, खाद्य एवं औषधि प्रशासन से श्री अहसान तिग्गा अभिहित अधिकारी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री शांतनु भट्टाचार्य एवं श्री निखिलेश साहू तथा पुलिस विभाग से श्री किशोर सीतार सहित संबंधित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।
