*राष्ट्रीय खेल दिवस पर क्रांति कुमार भारतीय महाविद्यालय में हुआ “खेलो इंडिया संवाद 2026” का आयोजन*

*राष्ट्रीय खेल दिवस पर क्रांति कुमार भारतीय महाविद्यालय में हुआ “खेलो इंडिया संवाद 2026” का आयोजन*

*प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन को विद्यार्थियों ने सुना, खेलों के प्रति जागरूकता और सहभागिता का लिया संकल्प*

हमर छत्तीसगढ़ न्यूज नारायण राठौर

 

सक्ती, 27 अगस्त 2026// कलेक्टर जयश्री जैन के निर्देशन में माई भारत (MY Bharat) एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में शासकीय क्रांति कुमार भारतीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सक्ती में “खेलो इंडिया संवाद 2026” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के पूजन-अर्चन के साथ किया गया। इसके पश्चात अतिथियों एवं प्रतिभागियों का बैज लगाकर स्वागत किया गया। विशिष्ट अतिथि प्रीतेश राजपूत, डिप्टी कलेक्टर सक्ती ने “खेलो इंडिया संवाद” के उद्देश्य एवं महत्व की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को खेलों के प्रति रुचि विकसित करने और नियमित रूप से खेल गतिविधियों में सहभागिता के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर कार्यक्रम में आमंत्रित खिलाड़ी एवं वेटलिफ्टर गुरुवचन सिंह कंवर ने अपने खेल जीवन के अनुभव विद्यार्थियों के साथ साझा किए। उन्होंने युवाओं को अनुशासन, निरंतर अभ्यास एवं सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष चेतन साहू ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। सांसद प्रतिनिधि एवं जनभागीदारी समिति सदस्य राम अवतार साहू ने विद्यार्थियों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश को ध्यानपूर्वक सुनने तथा खेलों को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम की मुख्य कड़ी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का वर्चुअल संबोधन रहा। इसका सीधा प्रसारण महाविद्यालय के सभागार में प्रोजेक्टर के माध्यम से किया गया। प्रधानमंत्री जी ने अपने संबोधन में युवाओं के जीवन में खेलों के महत्व को रेखांकित करते हुए फिटनेस, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने के लिए प्रेरित किया तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
इस अवसर पर विद्यार्थी सत्येंद्र बरेठ, अंकिता राठौर, गीतांजलि राठौर, चंद्रशेखर खूंटे एवं प्रीति पटेल ने “खेल एवं राष्ट्र निर्माण” विषय पर अपने विचार व्यक्त किए। विद्यार्थियों ने खेलों को शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास, अनुशासन एवं टीम भावना के लिए महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि चेतन साहू, अध्यक्ष जनभागीदारी समिति, गुरुवचन सिंह कंवर, वेटलिफ्टर एवं राम अवतार साहू, सांसद प्रतिनिधि एवं महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. डी.पी. पाटले सहित महाविद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अतिथियों द्वारा विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का मंच संचालन प्रो. सोमेश कुमार घिटोड़े, जिला संगठक, राष्ट्रीय सेवा योजना, जिला सक्ती द्वारा किया गया। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी अतिथियों, विद्यार्थियों एवं महाविद्यालयीन स्टाफ के प्रति आभार व्यक्त किया।