*सक्ती जिले में अर्नब चक्रवात का कहर: पानी में डूबी धान की फसल, किसानों को भारी नुकसान की आशंका*

*सक्ती जिले में अर्नब चक्रवात का कहर: पानी में डूबी धान की फसल, किसानों को भारी नुकसान की आशंका*

हमर छत्तीसगढ़ न्यूज नारायण राठौर

सक्ती /-जिले में अर्नब चक्रवात के प्रभाव से हुई भारी बारिश और जलभराव के कारण किसानों की पकी-पकाई धान की फसल खेतों में गिर गई है। खेतों में लगातार पानी भरा रहने के कारण धान के सड़ने और दाने काले पड़ने की गंभीर संभावना बन गई है, जिससे इस वर्ष उत्पादन और उसकी गुणवत्ता पर भारी असर पड़ेगा।

इस आपदा से चिंतित भारतीय किसान संघ के जिला अध्यक्ष श्री रमाकांत चंद्रा ने शासन और प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप करते हुए किसानों को राहत पहुँचाने की पुरजोर अपील की है।

भारतीय किसान संघ की प्रमुख माँगे:
बांगो बांध से पानी की आवक पर रोक:
श्री चंद्रा ने मांग की है कि बांगो बांध से जो पानी वर्तमान में सक्ती जिले में आ रहा है, उसे तत्काल प्रभाव से बंद किया जाए, ताकि खेतों में पहले से भरे पानी की निकासी हो सके।

त्वरित सर्वे और उचित मुआवजा:
शासन-प्रशासन अपने मैदानी अधिकारियों और कर्मचारियों के माध्यम से तत्काल प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर फसलों के नुकसान का आकलन करे और पीड़ित किसानों को उचित मुआवजा प्रदान करे।

फसल ऋण (KCC) माफ किया जाए:
सेवा सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों द्वारा खाद और बीज के लिए जो किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) ऋण लिया गया है, उसे इस प्राकृतिक आपदा को देखते हुए पूरी तरह माफ किया जाए।

किसान संघ ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन द्वारा इस संबंध में जल्द ही कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो किसानों को और अधिक आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ेगा, जिसे लेकर किसानों में रोष व्याप्त है।