*ग्राम नवापाराकला में उत्साहपूर्वक मनाया गया ‘जल अर्पण दिवस’, जल संरक्षण का लिया संकल्प*

*ग्राम नवापाराकला में उत्साहपूर्वक मनाया गया ‘जल अर्पण दिवस’, जल संरक्षण का लिया संकल्प*

हमर छत्तीसगढ़ न्यूज नारायण राठौर

सक्ती, 13 फरवरी 2026// लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (पीएचई) सक्ती के तत्वावधान में विकासखंड सक्ती अंतर्गत हर घर जल प्रमाणित ग्राम पंचायत नवापाराकला में ‘जल अर्पण दिवस’ का आयोजन उत्साह, सहभागिता और गरिमामय वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल के महत्व, जल स्रोतों की सुरक्षा तथा नल-जल योजना के सतत संचालन एवं संधारण के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। अतिथियों का स्वागत ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा आत्मीयता से किया गया। इस अवसर पर विभागीय अधिकारियों ने जल जीवन मिशन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा करते हुए जल की शुद्धता, उसके स्वास्थ्य पर प्रभाव, जल स्रोतों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने तथा योजना के सुचारू संचालन हेतु नियमित जल कर भुगतान की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। साथ ही पंचायत राज अधिनियम के अंतर्गत 6 दिसंबर 2024 को राजपत्र में प्रकाशित न्यूनतम 60 रुपये जल शुल्क की जानकारी भी ग्रामीणों को दी गई। अधिकारियों ने बताया कि समय पर रखरखाव एवं सामुदायिक सहभागिता से प्रत्येक घर तक शुद्ध पेयजल की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकती है। ‘जल अर्पण दिवस’ जल के प्रति सम्मान, संरक्षण और सामूहिक जिम्मेदारी का प्रतीक है। इस दिवस के माध्यम से ग्रामीणों को यह संदेश दिया गया कि जल केवल सुविधा नहीं, बल्कि जीवन का आधार है। प्रतीकात्मक रूप से जल अर्पित कर अपव्यय रोकने और आने वाली पीढ़ियों के लिए जल स्रोतों को सुरक्षित रखने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में एफटीके किट के माध्यम से जल गुणवत्ता परीक्षण का प्रदर्शन किया गया, जिससे ग्रामीणों को परीक्षण प्रक्रिया की जानकारी मिली और जलजनित बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही जल संरक्षण एवं स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई। विद्यालयीन बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक और रंगोली प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रहे। बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से ‘जल ही जीवन है’ का प्रभावी संदेश दिया। जनजागरूकता हेतु ग्राम में प्रभात फेरी निकाली गई तथा जल बंधन कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतिम चरण में विभागीय अधिकारियों द्वारा ग्राम पंचायत को योजना हस्तांतरण प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। ग्रामवासियों, जनप्रतिनिधियों एवं विभागीय टीम के समन्वित प्रयासों से यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर जनपद पंचायत उपाध्यक्ष, जनपद सदस्य, ग्राम पंचायत पदाधिकारी, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।