*इंतजार खत्म: 28 फरवरी को प्रदेश के 25 लाख किसानों के खातों में आएगी बोनस की राशि*
हमर छत्तीसगढ़ न्यूज नारायण राठौर
रायपुर/ छत्तीसगढ़ की माटी से सोना उपजाने वाले लाखों अन्नदाताओं की लंबी प्रतीक्षा अब समाप्त होने जा रही है. खेतों में पसीना बहाकर ‘धान का कटोरा’ भरने वाले किसानों की उम्मीदों को पंख देते हुए राज्य शासन ने होली के त्यौहार से पूर्व ही समृद्धि की सौगात देने की तैयारी पूर्ण कर ली है. मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप, 28 फरवरी 2026 वह ऐतिहासिक तिथि होगी जब ‘कृषक उन्नति योजना’ के अंतर्गत प्रदेश के 25 लाख 28 हजार से अधिक पंजीकृत किसानों के बैंक खातों में 10,324 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का हस्तांतरण होगा. यह राशि मुख्य रूप से धान विक्रय की अंतर राशि (बोनस) है, जिसका किसान बड़ी बेसब्री से इंतजार कर रहे थे.
गाँव की चौपालों से लेकर खेतों की मेढ़ों तक, इस समय केवल इसी ‘आदान सहायता’ की चर्चा है. किसानों के लिए यह केवल एक सरकारी आँकड़ा नहीं, बल्कि उनकी मेहनत का वह उचित मूल्य है जो त्योहारों के इस मौसम में उनके घरों को खुशियों से सराबोर कर देगा. इस उत्सव का मुख्य केंद्र बिलासपुर का बिल्हा विकासखंड बनेगा, जहाँ दोपहर 12:30 बजे मुख्यमंत्री के मुख्य आतिथ्य में राज्य स्तरीय भव्य समारोह का शंखनाद होगा. शासन की मंशा है कि विकास की यह बयार केवल बड़े केंद्रों तक सीमित न रहे, बल्कि प्रदेश के हर विकासखंड मुख्यालय पर समांतर कार्यक्रमों के माध्यम से हर किसान इस गौरवशाली क्षण का साक्षी बने.
आयोजन की विशालता को देखते हुए प्रशासन ने चाक-चौबंद व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं. राज्य स्तरीय कार्यक्रम में जहाँ 20 हजार से अधिक किसानों के जुटने की संभावना है. वहीं प्रत्येक ब्लॉक में हजारों की संख्या में उमड़ने वाले जनसैलाब के लिए शीतल पेयजल और सुगम परिवहन के विशेष निर्देश दिए गए हैं. आधुनिक संचार माध्यमों द्वारा मुख्यमंत्री न केवल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए किसानों से आत्मीय संवाद करेंगे, बल्कि मुख्य कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी किया जाएगा. यह आयोजन छत्तीसगढ़ के किसानों के संकल्प और उनके अटूट विश्वास का सम्मान है, जो होली के रंगों के साथ उनके जीवन में आर्थिक संपन्नता की नई चमक बिखेरेगा।

