*पीएम किसान योजना व एग्रीस्टैक फार्मर आईडी पंजीयन के लिए 12 से 31 मार्च तक चलेगा विशेष अभियान*

*पीएम किसान योजना व एग्रीस्टैक फार्मर आईडी पंजीयन के लिए 12 से 31 मार्च तक चलेगा विशेष अभियान*

हमर छत्तीसगढ़ न्यूज नारायण राठौर

 

सक्ती, 12 मार्च 2026// जिला प्रशासन और कृषि विभाग ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के हितग्राहियों को योजना का लाभ निरंतर प्राप्त हो सके, इसके लिए एग्रीस्टैक पोर्टल पर फार्मर आईडी पंजीयन अनिवार्य बताया है। पंजीयन के अभाव में पात्र किसानों को पीएम किसान योजना की आगामी किस्त की राशि प्राप्त नहीं हो सकेगी। इस संबंध में जिले में 12 मार्च 2026 से 31 मार्च 2026 तक विशेष संतृप्तिकरण अभियान चलाया जाएगा।
कृषि विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला सक्ती में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत कुल 89 हजार 140 पात्र किसान हैं। इनमें से 21 हजार 481 किसानों का फार्मर आईडी बनना अभी शेष है। वहीं एग्रीस्टैक पोर्टल पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार 1 लाख 17 हजार 105 किसानों की फार्मर आईडी बनाई जा चुकी है, जिनमें से 16 हजार 918 किसानों का पीएम किसान योजना में अभी तक पंजीयन नहीं हुआ है। जिला प्रशासन और कृषि विभाग ने सभी किसानों से अपील की है कि जिन किसानों ने अभी तक फार्मर आईडी नहीं बनवाई है, वे जल्द से जल्द एग्रीस्टैक पोर्टल पर अपना पंजीयन कराएं। साथ ही जिन किसानों की फार्मर आईडी बन चुकी है और वे पीएम किसान योजना के लिए पात्र हैं, वे भी शीघ्र पंजीयन कराकर योजना का लाभ प्राप्त करें। इसके अलावा जिन किसानों को पात्र एवं पंजीकृत होने के बावजूद योजना का लाभ नहीं मिल रहा है, वे अपनी पात्रता से संबंधित आवश्यक प्रक्रियाएं जैसे ई-केवाईसी, आधार सीडिंग और लैंड सीडिंग को शीघ्र सही करा लें, ताकि उन्हें शासन की इस महत्वपूर्ण योजना का लाभ मिल सके। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना एवं एग्रीस्टैक फार्मर आईडी से संबंधित अधिक जानकारी के लिए किसान अपने क्षेत्र के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी, कृषि विभाग के विकासखण्ड स्तरीय कार्यालय अथवा नजदीकी सीएससी व कॉमन सर्विस सेंटर से संपर्क कर सकते हैं।