*मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की गई आयोजित*
*जिले में ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता, जमाखोरी और कालाबाजारी पर सख्ती के निर्देश*
हमर छत्तीसगढ़ न्यूज नारायण राठौर
सक्ती, 28 मार्च 2026// प्रदेश की वर्तमान परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी संभागायुक्त, आईजी, पुलिस आयुक्त, जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित खाद्य, उद्योग, कृषि, खनन, परिवहन, ऊर्जा विभाग एवं ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के अधिकारी वर्चुअल रूप से शामिल हुए। बैठक में पश्चिम एशिया में उत्पन्न संकट के संभावित प्रभावों के मद्देनजर आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता, कानून-व्यवस्था की स्थिति तथा वैकल्पिक ऊर्जा संसाधनों पर व्यापक समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने सभी कलेक्टरों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने जिलों में आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करें तथा गैस, डीजल, पेट्रोल और उर्वरकों की आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था पर सतत निगरानी रखें, ताकि आम जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
इसके साथ ही कलेक्टरों को निर्देशित किया गया कि वे संबंधित विभागों एवं ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करें और किसी भी संभावित संकट की स्थिति से निपटने के लिए तैयारी रखें। बैठक में वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों की संभावनाओं पर भी गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भविष्य में किसी भी आपूर्ति बाधा की स्थिति में प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएं। कानून एवं व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने सभी पुलिस अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखना सर्वोपरि है तथा अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो। किसी भी समस्या की स्थिति में उपभोक्ता टोल फ्री नंबर 1800- 233-3663, 1967 या राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम 0771- 2511975 व सक्ती जिला में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है जहाँ मोबाइल नम्बर 9993398904 पर संपर्क कर सकते हैं। सभी शिकायतों का निराकरण त्वरित गति से करने के निर्देश दिए हैं। एलपीजी उपभोक्ताओं को निर्धारित अंतराल के अनुसार ही रिफिल बुकिंग कराने की सलाह दी गई है। नगरीय क्षेत्रों में 25 दिन तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन का अंतराल निर्धारित किया गया है, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो सके। व्यावसायिक एलपीजी उपयोग को लेकर भी दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। आवश्यक सेवाओं, जैसे अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को प्राथमिकता दी जा रही है। बिना लाइसेंस 100 किलोग्राम से अधिक गैस भंडारण पर प्रतिबंध लगाया गया है। प्रशासन ने सभी गैस एजेंसियों और उचित मूल्य की दुकानों को निर्देश दिए हैं कि वे उपभोक्ताओं को सही जानकारी उपलब्ध कराएं और पारदर्शी वितरण सुनिश्चित करें। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों से दूर रहें और आवश्यक वस्तुओं का उपयोग जिम्मेदारी के साथ करें, ताकि सभी को समान रूप से लाभ मिल सके। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान सक्ती जिले से कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो, खाद्य अधिकारी, कृषि अधिकारी, खनिज अधिकारी, सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

