*छात्रों के प्रदर्शन में धार्मिक प्रतीकों का इस्तेमाल गलत, वास्तविक मुद्दों की आड़ में चल रहा अलग एजेंडा: डॉ. रश्मि सोनकर*
हमर छत्तीसगढ़ न्यूज नारायण राठौर
मनेन्द्रगढ़/- भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा सोशल मीडिया की प्रदेश सह-प्रभारी डॉ. रश्मि सोनकर ने हाल ही में हुए विरोध प्रदर्शनों को लेकर कांग्रेस और प्रदर्शनकारी संगठनों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ ताकतें विद्यार्थियों की समस्याओं की आड़ में समाज में भ्रम और तनाव पैदा करने का सुनियोजित प्रयास कर रही हैं।
*”सनातन धर्म पर आपत्तिजनक बयानों पर कांग्रेस का क्या रुख?”*
डॉ. रश्मि सोनकर ने पुतला दहन की घटनाओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि किसी बयान के विरोध में पुतला फूंका जा रहा है, तो उन लोगों का भी विरोध होना चाहिए जिन्होंने सनातन धर्म पर आपत्तिजनक टिप्पणियां की हैं। उन्होंने कांग्रेस को घेरते हुए सीधा सवाल किया कि क्या कांग्रेस पार्टी सनातन धर्म के खिलाफ दिए गए बयानों का समर्थन करती है?
*प्रदर्शन में धार्मिक आस्था को घसीटना अनुचित*
शिक्षा व्यवस्था और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े प्रदर्शनों का जिक्र करते हुए डॉ. सोनकर ने कहा:
छात्र आंदोलन में प्रभु श्रीराम, माता सीता और संत प्रेमानंद महाराज के नाम तथा चित्रों का इस्तेमाल पूरी तरह अनुचित है।
विद्यार्थियों के मुद्दों को धार्मिक आस्था से जोड़ना समाज का माहौल खराब करने की साजिश है।
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान कुछ समूहों द्वारा ऐसे नारे लगाए गए जिनका छात्रों की मूल मांगों से कोई लेना-देना नहीं था। इससे स्पष्ट होता है कि वास्तविक मुद्दों की आड़ में एक अलग एजेंडा चलाया जा रहा है।
*NEET परीक्षा में सरकार ने ली त्वरित सुध*
NEET परीक्षा विवाद पर स्थिति स्पष्ट करते हुए उन्होंने कहा कि जब भी अनियमितताओं की शिकायतें सामने आईं, केंद्र सरकार और संबंधित मंत्रालय ने तुरंत संज्ञान लिया और सुधारात्मक कदम उठाए।
“अब NEET के परिणाम घोषित हो चुके हैं और मनेन्द्रगढ़ जिले के कई होनहार छात्र-छात्राएं MBBS में प्रवेश लेने जा रहे हैं, जो पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।” – डॉ.रश्मि सोनकर
*संवेदनशील मुद्दों पर राजनीति बंद हो*
विभिन्न कारणों से अपनी जान गंवाने वाले छात्रों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए डॉ. सोनकर ने कहा कि यह एक अत्यंत पीड़ादायक और संवेदनशील विषय है। इस पर राजनीति नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि देश की जनता जागरूक है और माहौल खराब करने की कोशिश करने वाली ताकतों को सही समय पर उचित जवाब देगी।
