*ग्राम पंचायत नगझर का मिसल रिकॉर्ड बिलासपुर से सक्ती लाने कलेक्टर से की गई मांग*

*ग्राम पंचायत नगझर का मिसल रिकॉर्ड बिलासपुर से सक्ती लाने कलेक्टर से की गई मांग*

 

हमर छत्तीसगढ़ न्यूज नारायण राठौर

सक्ती – जिले क्षेत्र के जनपद पंचायत मालखरौदा अंतर्गत ग्राम पंचायत नगझर के पुराने राजस्व एवं मिसल बंदोबस्त रिकॉर्ड को जिला बिलासपुर से जिला सक्ती स्थानांतरित करने की मांग को लेकर ग्राम पंचायत नगझर के पूर्व सरपंच शिव सागर मधुकर ने जिला कलेक्टर एवं अधीक्षक, भू-अभिलेख विभाग के नाम आवेदन सौंपा है।

आवेदन में बताया गया है कि ग्राम नगझर तहसील मालखरौदा के पटवारी हल्का क्रमांक 12 के अंतर्गत आता है और प्रशासनिक पुनर्गठन के बाद वर्तमान में जिला सक्ती का हिस्सा है। इसके बावजूद ग्राम से संबंधित पुराने राजस्व एवं मिसल बंदोबस्त रिकॉर्ड अभी भी जिला बिलासपुर के रिकॉर्ड रूम/भू-अभिलेख कार्यालय में दर्ज एवं संरक्षित है।

*बिलासपुर से रिकॉर्ड लेने में ग्रामीणों को हो रही परेशानी*

ग्रामीणों के अनुसार पुराने अभिलेख दूसरे जिले में होने के कारण भूमि संबंधी कार्यों, राजस्व मामलों एवं नकल प्राप्त करने सहित अन्य शासकीय कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ता है। आवश्यक दस्तावेजों के लिए बिलासपुर स्थित संबंधित कार्यालयों पर निर्भरता के चलते ग्रामीणों का समय और धन दोनों खर्च हो रहे हैं।

*जिला सक्ती के अभिलेख कक्ष में सुरक्षित रखने की मांग*

पूर्व सरपंच शिव सागर मधुकर ने प्रशासन से जनहित को ध्यान में रखते हुए ग्राम नगझर के संपूर्ण मिसल एवं पुराने राजस्व रिकॉर्ड को जिला बिलासपुर से मंगाकर जिला सक्ती के अभिलेख कक्ष में स्थानांतरित करने की मांग की है। उनका कहना है कि रिकॉर्ड सक्ती में उपलब्ध होने से ग्रामीणों को भूमि एवं राजस्व संबंधी कार्यों में सहूलियत मिलेगी तथा अनावश्यक कार्यालयीन भागदौड़ से राहत मिलेगी।

साथी ही आवेदन में प्रशासन से इस संबंध में शीघ्र आवश्यक कार्रवाई किए जाने का आग्रह किया गया है।