*सेवा संकल्प अभियान के तहत सक्ती जिले में 17 सितंबर को वृहद स्तर पर होगा दीप प्रज्ज्वलन*
*जिले में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम अंतर्गत जगमगाएंगे लगभग 2.50 लाख दीये*
*दीनदयाल स्टेडियम सक्ती में होगा मुख्य आयोजन, मंदिरों, चौक-चौराहों, ग्राम पंचायतों, शासकीय कार्यालयों एवं प्रमुख स्थलों पर भी जलेंगे दीप*
हमर छत्तीसगढ़ न्यूज नारायण राठौर
सक्ती, 15 सितंबर 2026/ सेवा, समर्पण, सुशासन और जनभागीदारी की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 17 सितंबर को सक्ती जिले में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का वृहद आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर जिलेभर में लगभग 2.50 लाख से अधिक दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा और जनकल्याण के प्रति सामूहिक संकल्प व्यक्त किया जाएगा। कार्यक्रम का मुख्य आयोजन पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्टेडियम, सक्ती में होगा, जहां बड़ी संख्या में दीप प्रज्ज्वलित कर पूरे परिसर को रोशन किया जाएगा। इसके साथ ही जिले के सभी विकासखण्डों में प्रमुख मंदिरों, चौक-चौराहों, ग्राम पंचायतों, शासकीय कार्यालयों, पंचायत भवनों, पीडीएस भवनों, ग्रामीण बाजारों, मोहल्लों तथा अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर भी सामूहिक रूप से दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। जिले में यह आयोजन व्यापक जनभागीदारी के साथ किया जाएगा। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्व-सहायता समूहों की दीदियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों एवं आम नागरिकों की सहभागिता से ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम को जनअभियान का स्वरूप दिया जाएगा। जिलेवासियों से अपने-अपने घरों में ‘हर घर एक दीया’ जलाकर इस आयोजन में सहभागी बनने की अपील की गई है।
17 सितंबर को शाम 7 बजे जिले के सभी चिन्हित स्थलों पर एक साथ दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। जिला मुख्यालय सक्ती सहित सभी कार्यालयों, विकासखण्डों के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में मंदिरों, चौक-चौराहों, ग्राम पंचायतों, शासकीय कार्यालयों, पंचायत एवं पीडीएस भवनों तथा प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर दीपों की रोशनी दिखाई देगी।
‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के माध्यम से सक्ती जिले में सेवा और जनभागीदारी की भावना को और मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। एक साथ बड़ी संख्या में जलने वाले दीप सेवा, समर्पण, सुशासन और जनकल्याण के प्रति सामूहिक संकल्प का संदेश देंगे। सक्ती जिले में वृहद स्तर पर आयोजित होने वाला यह दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम जनभागीदारी और सामाजिक एकजुटता का विशेष अवसर बनेगा। जिला प्रशासन द्वारा जिलेवासियों से अपील की गई है कि वे 17 सितंबर की शाम 7 बजे अपने घरों में दीप जलाएं और ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से जुड़कर सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।
