गोवर्धन पूजा: अहंकार का मर्दन, प्रकृति संरक्षण और गौवंश के सम्मान का जीवंत पर्व – रामनरेश यादव
हमर छत्तीसगढ़ न्यूज नारायण राठौर
सक्ती- गोवर्धन पूजा का पावन पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और पारंपरिक आस्था के साथ मनाया गया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ नागरिक सुरक्षा फाउंडेशन के जिलाध्यक्ष रामनरेश यादव ने सपरिवार गौ पूजन एवं भोजन सेवा करते हुए पर्व के संदेश को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा का पर्व केवल एक पारंपरिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि यह मानव के अहंकार मर्दन, प्रकृति संरक्षण और गौवंश के सम्मान का एक जीवंत स्मृति पर्व है।
पर्व के ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए जिलाध्यक्ष रामनरेश यादव ने ब्रज भूमि से जुड़ी पौराणिक कथा का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि द्वापर युग में एक बार ब्रजवासी देवराज इंद्र की पूजा की तैयारी कर रहे थे, तब भगवान श्रीकृष्ण ने तर्कों के माध्यम से समझाया कि हमारी खुशहाली का असली आधार गोवर्धन पर्वत और प्रकृति है, जो हमारी गायों के लिए चारा और जीवन का आधार प्रदान करते हैं। श्रीकृष्ण के तर्कों से सहमत होकर ब्रजवासियों ने इंद्र के बजाय गोवर्धन पर्वत की पूजा शुरू कर दी।
कनिष्ठ उंगली पर उठाया था गोवर्धन पर्वत
इस बदलाव से क्रोधित होकर इंद्रदेव ने ब्रज में विनाशकारी मूसलाधार वर्षा शुरू कर दी। संकट की इस घड़ी में भगवान श्रीकृष्ण ने ब्रज भूमि और जीव-जंतुओं की रक्षा के लिए गोवर्धन पर्वत को लगातार सात दिनों तक अपनी कनिष्ठ उंगली पर उठाए रखा और सभी को सुरक्षित शरण दी। अंततः इंद्रदेव का अभिमान टूटा और उन्होंने क्षमा याचना की। श्रीकृष्ण ने संदेश दिया कि अहंकार मनुष्य का नाश कर देता है, इसलिए कभी घमंड नहीं करना चाहिए।
छत्तीसगढ़ में पशुधन सम्मान और अन्नकूट की परंपरा
वर्तमान संदर्भ में पर्व की प्रासंगिकता बताते हुए रामनरेश यादव ने कहा कि आज के दिन लोग घरों में गाय के गोबर से प्रतीक स्वरूप गोवर्धन पर्वत की आकृति बनाकर पूजा-अर्चना करते हैं। छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में गोवर्धन पूजा और अन्नकूट के अवसर पर ‘पशुधन सम्मान’ की गौरवशाली परंपरा पूरी आस्था के साथ निभाई जाती है। इस दिन गौवंश को सजाया जाता है, उनकी आरती उतारी जाती है और उन्हें आदरपूर्वक विशेष भोज कराया जाता है।
