*विरोध की परवाह किए बिना ग्राम पंचायत कोटेतरा में विकास को गति दे रहीं सरपंच सुनीता साहू*
हमर छत्तीसगढ़ न्यूज नारायण राठौर
जैजैपुर/ग्राम पंचायत कोटेतरा में पिछले 18 माह के कार्यकाल के दौरान बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों में तेजी देखने को मिली है। पंचायत की सरपंच श्रीमती सुनीता साहू द्वारा ग्रामीणों की वर्षों पुरानी समस्याओं को दूर करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्माण और जनहित के कार्य कराए गए हैं, जिसकी क्षेत्र में सराहना हो रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, सरपंच श्रीमती सुनीता साहू ने एक स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर गांव को विकास की ओर अग्रसर किया है। पेयजल की समस्या को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने छापर मोहल्ला और लिमतरा मोहल्ला में घर-घर तक पानी पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य पूरा किया है, जिससे दोनों मोहल्लों के निवासियों को बड़ी राहत मिली है।
आवागमन को सुगम बनाने के लिए हाई स्कूल की ओर जाने वाले मार्ग तथा लक्ष्मी सागर के घर से आगे की ओर सीसी रोड का निर्माण कराया गया है। इसके साथ ही, सरपंच के प्रयासों से मदन के घर से आगे की ओर मिट्टी मुरुम सड़क और छापर से मुख्य सड़क की ओर मिट्टी मुरुम सड़क निर्माण की स्वीकृति भी मिल गई है, जिससे जल्द ही ग्रामीणों को कीचड़ और आवागमन की समस्या से निजात मिलेगी।
इसके अतिरिक्त, जल संरक्षण और निस्तारी की सुविधा के लिए तालाब गहरीकरण का कार्य संपन्न कराया गया है, वहीं रात्रि के समय गांव की गलियों को रोशन रखने के लिए प्रमुख स्थानों पर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था की गई है।
गांव के बुद्धिजीवियों और ग्रामीणों का मानना है कि सार्वजनिक जीवन में विरोधियों का काम केवल विरोध करना होता है, लेकिन एक सफल जनप्रतिनिधि वही है जो इन अवरोधों से विचलित हुए बिना केवल विकास कार्यों पर ध्यान केंद्रित करे। ग्रामीणों ने कहा कि सरपंच द्वारा किए जा रहे इन कार्यों से गांव की तस्वीर बदल रही है और सभी को पंचायत के विकास में सकारात्मक सहयोग देना चाहिए।
