*सेवा संकल्प अभियान : 2026*
*सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत सक्ती में 30 सितम्बर को जिला स्तरीय मैराथन दौड़ कार्यक्रम का होगा आयोजन*
*‘दौड़े स्वस्थ भारत के लिए मैराथन’ तथा ‘योग एवं ध्यान सत्र’ का होगा आयोजन*
हमर छत्तीसगढ़ न्यूज नारायण राठौर
सक्ती, 29 सितम्बर 2026// सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत जिले में जनभागीदारी एवं स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 30 सितम्बर 2026 को सेजेस स्कूल सक्ती में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। सेवा मेरा योगदान कार्यक्रम के अंतर्गत फिट इंडिया के तहत मैराथन दौड़, ‘दौड़े स्वस्थ भारत के लिए’ कार्यक्रम आयोजित होगा। दौड़ का शुभारंभ सुबह 7:00 बजे अटल चौक सक्ती से होगा तथा इसका समापन सेजेस स्कूल, सक्ती में किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों को नियमित शारीरिक गतिविधियों एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है। इसी क्रम में ‘योग एवं ध्यान सत्र’ का आयोजन भी किया जाएगा। यह सत्र सुबह 7:30 बजे से 8:15 बजे तक सेजेस स्कूल, सक्ती में आयोजित होगा। कार्यक्रम के माध्यम से नागरिकों को योग एवं ध्यान को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जाएगा।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इन गतिविधियों का उद्देश्य स्वस्थ नागरिक, स्वस्थ समाज एवं विकसित भारत की दिशा में जनभागीदारी को बढ़ावा देना है। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस जिला स्तरीय कार्यक्रम के माध्यम से ‘दौड़े स्वस्थ भारत के लिए’ और ‘योग से स्वास्थ्य, ध्यान से शक्ति’ का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा कार्यक्रम में जिले के सभी जनप्रतिनिधियों, महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों, एनएसएस, स्काउट के कैडेट्स, विद्यार्थियों व गणमान्य नागरिकों सहित समस्त जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उक्त कार्यक्रम में शामिल होकर ‘सेवा मेरा योगदान’ के संकल्प को साकार करने की अपील की गई है।
