*सरपंच श्रीमती सुनीता रमेश साहू ने मात्र 21 माह में बदली ग्राम पंचायत कोटेतरा की तस्वीर
हाई स्कूल मार्ग पर सीसी रोड, सतनामी मोहल्ले में नया 63 केवी ट्रांसफार्मर व केबल सुधार से मिली बिजली समस्या से मुक्ति; 73 साल पुराने स्कूल भवन का जीर्णोद्धार और वृक्षारोपण से संवरा गांव
हमर छत्तीसगढ़ न्यूज नारायण राठौर
जैजैपुर। दृढ़ इच्छाशक्ति और जनसेवा का संकल्प हो, तो दशकों पुरानी समस्याएं भी कम समय में हल हो सकती हैं। इस बात को चरितार्थ कर दिखाया है ग्राम पंचायत कोटेतरा की सरपंच श्रीमती सुनीता रमेश साहू ने। पंचायत के इतिहास में जो विकास कार्य पिछले 43 वर्षों से रुके हुए थे, उन्हें श्रीमती साहू ने अपने मात्र 21 महीनों के अल्प कार्यकाल में धरातल पर उतार कर गांव को एक नई पहचान दी है।
इन ऐतिहासिक कार्यों से बदली गांव की सूरत:
बिजली व्यवस्था में ऐतिहासिक सुधार और रोशनी: गांव की गलियों में लगे विद्युत पोल पर लपेटे हुए केबलों के कारण बार-बार शॉर्ट-सर्किट होने से ग्रामीणों को बिजली की भारी परेशानी होती थी। सरपंच की पहल पर उन केबलों को अलग कर व्यवस्थित करवाया गया, जिससे ग्रामीणों को इस समस्या से स्थायी मुक्ति मिली है। साथ ही सतनामी मोहल्ले में नया विद्युत पोल और 63 केवी का नया ट्रांसफार्मर लगवाया गया है। इसके अतिरिक्त गांव की गलियों में स्ट्रीट लाइट और प्रमुख चौक-चौराहों पर सोलर लाइट लगवाने से रात के समय पूरा गांव रोशनी से जगमगा उठा है।
• शिक्षा और स्कूल मार्ग का कायाकल्प: बच्चों की सुरक्षा और बेहतर शिक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए हाई स्कूल की ओर जाने वाले मार्ग पर सीसी रोड का निर्माण करवाया गया है, जहां पहले बच्चे भरे हुए पानी और कीचड़ से होकर स्कूल जाने को मजबूर थे। इसके साथ ही 73 वर्ष पुराने जर्जर मिडिल स्कूल भवन के जीर्णोद्धार एवं मरम्मत कार्य को प्रगति पर लाया गया है। प्राथमिक स्कूल के जर्जर अहाता बाउंड्री वॉल का जीर्णोद्धार करवाने के साथ ही दो स्कूलों में बालिका शौचालय की स्वीकृति दिलाकर छात्राओं को बड़ी सुविधा दी गई है।
• पेयजल संकट का स्थायी समाधान: गांव के छापर मोहल्ले में सदियों से चली आ रही पानी की प्रमुख मांग को पूरा किया गया। चुनाव के समय किए गए वादे के अनुरूप जयकरण के घर के पास बोर खनन की स्वीकृति दिलाई गई, वहीं लक्ष्मी सागर के घर के पास बोर खनन कर पानी टंकी की स्थापना की गई। इसके अलावा गांव में बंद पड़े हैंडपंपों को पुनः चालू करवाया गया।
सड़कों, पुलिया और नालियों का निर्माण: जिन गलियों में कभी किसी जनप्रतिनिधि की नजर नहीं पड़ी थी, आज वहां पक्की सड़कें बन गई हैं। मुख्य मार्ग से गुड़ी चौक की ओर, मुख्य मार्ग से सहिस दास के घर की ओर और सतनामी मोहल्ले की संकरी गलियों में सीसी रोड का निर्माण हुआ है। साथ ही मदन के घर से आगे की ओर तथा मुख्य नहर छापर से मेन सड़क की ओर मिट्टी-मुरुम एवं पुल-पुलिया सहित सड़क की स्वीकृति कराई गई है। जलभराव वाले स्थानों पर नाली निर्माण होने से ग्रामीणों को कीचड़ से बड़ी राहत मिली है।
बंद रास्ते और तालाबों का कायाकल्प: सरपंच श्रीमती साहू की पहल पर 25 वर्षों से बंद पड़े रास्ते को पुनः अस्तित्व में लाकर आवाजाही शुरू कराई गई। जूना तालाब पार और नावा तालाब पार की साफ-सफाई कर संकरे पार का चौड़ीकरण किया गया। जल संरक्षण हेतु नावा तालाब, मुड़ा तालाब और बाकी भदरी तालाब का गहरीकरण भी करवाया गया है।
• पर्यावरण संरक्षण, मुक्तिधाम व मंदिरों का सौंदर्यीकरण: ग्राम पंचायत में दो मुक्तिधाम एवं प्रतीक्षालय का निर्माण कराने के साथ ही मुक्तिधाम में अहाता बनवाया गया है। पर्यावरण को बढ़ावा देने के लिए मुक्तिधाम एवं नावा तालाब पार में बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण किया गया है और उन पौधों की निरंतर देखरेख भी की जा रही है। इसके अतिरिक्त गांव के सभी मंदिरों में लिपाई-पोताई करवाकर धार्मिक स्थलों को भी संवारा गया है।
ग्रामीणों ने की कार्यशैली की सराहना
21 माह के इस ऐतिहासिक कार्यकाल को लेकर पूरे गांव में उत्साह और खुशी का माहौल है। ग्रामीणों और अभिभावकों का कहना है कि चार दशकों से अधिक समय से जो काम केवल मांगों तक सीमित थे, उन्हें वर्तमान सरपंच ने प्राथमिकता के आधार पर पूरा कर कोटेतरा को एक आदर्श ग्राम पंचायत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है।
वर्जन
“ग्राम पंचायत कोटेतरा का सर्वांगीण विकास, निर्बाध बिजली-पानी, बच्चों को सुरक्षित स्कूल व सुगम रास्ता, स्वच्छ पर्यावरण तथा ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाओं की पूर्ति ही मेरी पहली प्राथमिकता है। गांव की जनता ने जिस विश्वास के साथ मुझे यह जिम्मेदारी सौंपी है, मैं उस पर खरा उतरने का निरंतर प्रयास कर रही हूं। यह विकास समस्त ग्रामवासियों और पंचों के सहयोग का परिणाम है।”
श्रीमती सुनीता रमेश साहू, सरपंच
ग्राम पंचायत कोटेतरा

