*सक्ती में एग्रीस्टेक रिकॉर्ड में गड़बड़ी से किसान परेशान: 3 दिन में सुधार नहीं होने पर आड़िल चौक में चक्का जाम की चेतावनी*
हमर छत्तीसगढ़ न्यूज नारायण राठौर
सक्ती। सक्ती जिले के किसानों ने एग्रीस्टेक पोर्टल पर फसल पंजीकरण और खसरा रिकॉर्ड में हुई गड़बड़ियों को लेकर कलेक्टर महोदया को आवेदन सौंपा है। किसानों ने तीन दिनों के भीतर खसरों में सुधार नहीं होने पर मुख्य मार्ग के आड़िल चौक पर चक्का जाम करने की चेतावनी दी है।
आवेदन के अनुसार, जिले की समस्त तहसीलों में विभागीय कर्मचारियों व अधिकारियों की गलतियों के चलते कई किसानों के खसरों में धान की जगह ‘अन्य फसल’ दर्ज हो गई है, जबकि कई किसानों के खसरे छूट गए हैं। इस तकनीकी व प्रशासनिक त्रुटि के कारण किसान अपनी धान की फसल सेवा सहकारी समिति या मंडी में नहीं बेच पा रहे हैं।
किसानों का कहना है कि बेवजह हुई बारिश के कारण पहले ही उनकी आधे से अधिक फसल खराब हो चुकी है। अब यदि बची हुई फसल भी खसरे में अन्य फसल दिखने के कारण नहीं बिक पाती है, तो किसानों पर कर्ज का बोझ और बढ़ जाएगा तथा परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो जाएगा।
3 दिन का अल्टीमेटम, भारतीय किसान संघ का समर्थन
किसानों ने कलेक्टर से मामले को गंभीरता से लेते हुए तीन दिन के भीतर खसरों में तत्काल सुधार कराने की मांग की है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि यदि समय रहते सुधार नहीं किया गया तो आड़िल एवं आसपास के क्षेत्रों के किसानों द्वारा सक्ती–मालखरौदा–छपोरा मुख्य मार्ग स्थित आड़िल चौक पर चक्का जाम किया जाएगा। इस आंदोलन को भारतीय किसान संघ का समर्थन प्राप्त होगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से भारतीय किसान संघ अध्यक्ष रमाकांत चंद्रा जी उपाध्यक्ष मनहरण लाल कमलेश रवि शंकर चंद्रा जी सहित भारतीय किसान संघ के सदस्य उपस्थित रहे।
