*डाकघर में आधार एनरोलमेंट और अपडेट की सुविधा*

*डाकघर में आधार एनरोलमेंट और अपडेट की सुविधा*

हमर छत्तीसगढ़ न्यूज नारायण राठौर

सक्ती/- भारतीय डाक विभाग बिलासपुर संभाग द्वारा आम नागरिकों की सुविधा के लिए विभिन्न डाकघरों में आधार एनरोलमेंट एवं आधार अपडेट की सेवाएं संचालित की जा रही हैं।

इसी क्रम में सक्ती जिले के उपडाकघर सक्ती, डभरा एवं चंद्रपुर में भी आधार से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। डाक विभाग से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार से शनिवार तक सुबह 10 बजे से आधार एनरोलमेंट एवं अपडेट का कार्य किया जा रहा है। नागरिक यहां नया आधार कार्ड बनवाने के साथ-साथ पुराने आधार कार्ड में नाम, पता, मोबाइल नंबर, जन्मतिथि, ईमेल एवं बायोमेट्रिक अपडेट जैसे आवश्यक सुधार भी करवा सकते हैं।

बच्चों के बायोमेट्रिक अपडेट पर दिया जा रहा विशेष जोर

विभाग ने बताया कि बच्चों के 5 वर्ष एवं 15 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर बायोमेट्रिक अपडेट कराना अनिवार्य है। ऐसे में अभिभावकों से अपने बच्चों का समय पर बायोमेट्रिक अपडेट कराने की अपील की गई है, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

डाक विभाग ने नागरिकों से की अपील

भारतीय डाक विभाग ने कहा है कि डाकघरों के माध्यम से आधार अपडेट एवं एनरोलमेंट की सुविधा सरल और सुगम तरीके से उपलब्ध कराई जा रही है। नागरिक इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

उप संभागीय निरीक्षक डाक सक्ती
अधिक जानकारी के लिए इस नंबर पर भी संपर्क कर सकते हैं 9753577904