*प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना से बिजली बिल होगा शून्य, गांव को मिलेगा विकास का बड़ा अवसर*

*प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना से बिजली बिल होगा शून्य, गांव को मिलेगा विकास का बड़ा अवसर*

*250 घरों में सोलर पैनल लगते ही खुलेंगे विकास के द्वार, पंचायतों को मिलेगी 50 लाख रुपये की स्वीकृति*

हमर छत्तीसगढ़ न्यूज नारायण राठौर

सक्ती, 13 जुलाई 2026 // प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना एवं बीवी जी राम जी योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों को आत्मनिर्भर और ऊर्जा के क्षेत्र में सशक्त बनाने के उद्देश्य से विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। योजना के अंतर्गत ग्रामीण परिवार अपने घरों में सोलर पैनल लगवाकर बिजली बिल को शून्य करने के साथ-साथ गांव के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। जिला पंचायत सक्ती से प्राप्त जानकारी अनुसार विशेष प्रावधान के तहत जिस गाँव में 250 घरों में सोलर पैनल स्थापित हो जाएंगे, ऐसी प्रथम तीन ग्राम पंचायतों को बीवी जी राम जी योजना के अंतर्गत 50 लाख रुपये तक के विकास कार्यों की स्वीकृति प्रदान की जाएगी। इस राशि का उपयोग सड़क, नाली, सामुदायिक भवन सहित अन्य आवश्यक विकास कार्यों में किया जा सकेगा। योजना से ग्रामीणों को बिजली बिल में भारी बचत, निर्बाध बिजली आपूर्ति तथा पर्यावरण संरक्षण का लाभ मिलेगा। इसके साथ ही ग्राम पंचायतों को अतिरिक्त विकास कार्यों के लिए वित्तीय सहायता प्राप्त होगी, जिससे गांवों के समग्र विकास को नई गति मिलेगी। जिला पंचायत द्वारा सभी सरपंचों एवं ग्रामवासियों से अधिक से अधिक लोगों को इस योजना से जोड़ने, जागरूकता अभियान चलाने तथा आवश्यकतानुसार शिविर आयोजित कर लक्ष्य को शीघ्र पूरा करने का आग्रह किया गया है। इससे संबंधित अन्य किसी भी प्रकार की अधिक जानकारी के लिए संबंधित जनपद पंचायत कार्यालय और जिला पंचायत कार्यालय सक्ती से संपर्क किया जा सकता है।