*देवी भागवत महापुराण के चौथे दिन उमड़ा जनसैलाब, सरपंच सुनीता रमेश साहू ने व्यासपीठ से लिया आशीर्वाद*
हमर छत्तीसगढ़ न्यूज नारायण राठौर
पिसौद। ग्राम पिसौद में आयोजित भव्य संगीतमय श्रीमद देवी भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ के चौथे दिन आज श्रद्धा और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। कथा श्रवण के लिए ग्राम सहित दूर-दराज के अंचल से आए हजारों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
कथा के चौथे दिन ग्राम की सरपंच सुनीता रमेश साहू विशेष रूप से कथा पंडाल में सम्मिलित हुईं। उनके साथ संगीता कुशल साहू पंच लीलाधर साहू उर्फ ननकीदाऊ भी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने व्यासपीठ पर विराजमान सुप्रसिद्ध कथावाचक आचार्य पंडित उर्वशीनन्द महाराज गुड़ी वाले का विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर व्यासपीठ से आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर महाराज जी ने उन्हें लोक कल्याण और क्षेत्र के विकास के लिए मंगल आशीर्वाद प्रदान किया। सरपंच व उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र की सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
भक्ति ही जीवन का आधार: पंडित उर्वशीनन्द महाराज
इससे पूर्व कार्यक्रम की मुख्य आयोजक श्रीमती सुरुज फिरतराम साहू एवं साहू परिवार द्वारा दिव्य ग्रंथ और व्यासपीठ की आरती उतारकर चौथे दिन की कथा का शुभारंभ किया गया। व्यासपीठ से आचार्य पंडित उर्वशीनन्द महाराज ने माता भगवती के दिव्य स्वरूपों और लोक-कल्याणकारी प्रसंगों का संगीतमय वर्णन किया। उन्होंने कहा कि माता की भक्ति ही कलयुग में साक्षात् दुखों से तारने वाली है। महाराज जी के सुमधुर भजनों पर पंडाल में उपस्थित श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूम उठे।
आकर्षक झांकी रही केंद्र बिंदु
कथा के दौरान आज विशेष प्रसंगों पर आधारित जीवंत और दिव्य झांकी का प्रदर्शन किया गया, जो भक्तों के आकर्षण का मुख्य केंद्र रही। पूरा पंडाल माता के जयकारों से गुंजायमान रहा।
कथा के विश्राम पर महाआरती की गई और उपस्थित समस्त जनसमुदाय को प्रसाद का वितरण किया गया। भव्य धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में आयोजक साहू परिवार सहित ग्राम पिसौद के समस्त नागरिक मुस्तैदी से जुटे हुए हैं।
