*कलेक्टर ने किसानों की सिंचाई की समस्याओं को जल्द दूर करने जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंताओं की ली समीक्षा बैठक*
*नहरों के अंतिम छोर के ग्रामों में सिंचाई हेतु पानी पहुँचाने के दिए गए निर्देश*
*सिंचाई विभाग के अधिकारियों को जल्द से जल्द किसानो की समस्याओं का निराकरण करने के दिए निर्देश*
हमर छत्तीसगढ़ न्यूज नारायण राठौर
सक्ती 15 अक्टूबर 2026/ जिले के कुछ क्षेत्रों में किसानों को सिंचाई के लिए आ रही पानी की समस्या को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर जयश्री जैन ने आज जल संसाधन विभाग के समस्त कार्यपालन अभियंताओं की कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में आवश्यक समीक्षा बैठक ली। बैठक में कलेक्टर ने सिंचाई विभाग के सभी संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देश दिए हैं कि जिले के किसानों को सिंचाई के लिए किसी भी प्रकार से पानी की समस्या नहीं होनी चाहिए और जिला अंतर्गत नहरों के अंतिम छोर के ग्रामों में सिंचाई हेतु पानी पहुँचाए जाने की व्यस्थाए सुदृढ़ किए जाए। कलेक्टर द्वारा सिचाई विभाग के सभी मैदानी अधिकारियों, कर्मचारियों को नहरों में अंतिम छोर तक पानी पहुँचाने एवं पेट्रोंलिग करने के निर्देश दिये गए है। ताकि अंतिम छोर तक पानी पहुँचाया जा सकें। कलेक्टर ने कहा कि जिले के कुछ क्षेत्रों में खरीफ फसल के लिए किसानों को पानी की समस्याएं आ रही हैं। इसके लिए उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इन समस्याओं को दो दिनो के भीतर सुधार किया जाए। जिससे किसानों को तत्काल सुविधा मिल सके।
सिंचाई विभाग की समीक्षा बैठक में कलेक्टर द्वारा कार्यपालन अभियंता खरसिया को सिंघरा वितरक नहर के अंतर्गत आने वाले ग्रामों सुखदा, बरतुंगा, मुड़पार, किरारी, बेल्हाडीह, कनाईडीह एवं अन्य ग्रामों में पानी की पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता जल्द सुनिश्चित करने के लिए आदेशित किया गया। इसी प्रकार उन्होंने कार्यपालन अभियंता सक्ती को भी जैजैपुर के पिसौद, भनेतरा, लालमाटी, आमाकोनी एवं अन्य ग्रामों में नहरो से पर्याप्त मात्रा में पानी की आपूर्ति किये जाने हेतु निर्देशित किया गया है। बैठक में सिंचाई विभाग के अधिकारियों द्वारा बताया गया कि कोरबा के दर्री बैराज के गेट के संचालन में कुछ खराबी है जिस कारण नहर के पानी में कुछ कमी आ रही है। जिस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को कोरबा सिचाई विभाग के अधिकारियों से तत्काल संपर्क कर इस समस्या का कल तक निराकरण कराए जाने के सख्त निर्देश दिए है। बैठक मे कार्यपालन अभियंता खरसिया, कार्यपालन अभियंता सक्ती सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
