*बालको क्षेत्र के ठेकेदारों में भारी आक्रोश, पूर्व विधायक जय सिंह अग्रवाल से हस्तक्षेप की मांग*

*बालको क्षेत्र के ठेकेदारों में भारी आक्रोश, पूर्व विधायक जय सिंह अग्रवाल से हस्तक्षेप की मांग*

जिला रिपोर्टर राजेंद्र दास कोरबा

कोरबा। बालको क्षेत्र के स्थानीय ठेकेदारों ने बालको प्रबंधन द्वारा अपनाई जा रही कथित मनमानी एवं दबावपूर्ण कार्यप्रणाली के विरुद्ध गहरा असंतोष व्यक्त किया है। ठेकेदारों का आरोप है कि स्थानीय व्यवसायियों एवं ठेकेदारों को कार्य आवंटन, भुगतान तथा अन्य प्रशासनिक मामलों में लगातार परेशान किया जा रहा है, जिससे उनके व्यवसाय एवं आजीविका पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
ठेकेदारों का कहना है कि वर्षों से क्षेत्र के विकास एवं औद्योगिक गतिविधियों में योगदान देने के बावजूद उन्हें उचित सम्मान और सहयोग नहीं मिल रहा है। कई मामलों में स्थानीय ठेकेदारों की उपेक्षा कर बाहरी एजेंसियों को प्राथमिकता दिए जाने के आरोप भी लगाए गए हैं।
बालको क्षेत्र के ठेकेदारों ने पूर्व विधायक एवं पूर्व राजस्व मंत्री जय सिंह अग्रवाल से इस विषय में हस्तक्षेप कर स्थानीय ठेकेदारों के हितों की रक्षा करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र समाधान नहीं निकाला गया तो सभी प्रभावित ठेकेदार लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
ठेकेदारों ने प्रशासन एवं बालको प्रबंधन से मांग की है कि स्थानीय ठेकेदारों के साथ न्यायपूर्ण व्यवहार किया जाए, लंबित समस्याओं का निराकरण किया जाए तथा क्षेत्र के व्यवसायिक वातावरण को सकारात्मक बनाए रखने हेतु आवश्यक कदम उठाए जाएं।