*बालको में स्वच्छता व्यवस्था की खुली पोल! पुलिस कॉलोनी के पीछे कचरे का पहाड़, दुर्गंध और जहरीले धुएं से लोग परेशान**
खुले मैदान में कचरा डंप कर रहे स्वच्छता कर्मी, प्लास्टिक खाकर बीमार हो रहे मवेशी; निगम आयुक्त ने जोन कमिश्नर से जवाब मांगने की कही बात
राजेंद्र दास, जिला प्रमुख कोरबा
कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा के बालको जोन में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। एक ओर नगर निगम शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण से लेकर कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन तक पर करोड़ों रुपये खर्च कर रहा है, वहीं दूसरी ओर बालको क्षेत्र में कचरे का खुले मैदान में डंप किया जाना निगम की व्यवस्था और निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
बालको पुलिस कॉलोनी के पीछे लंबे समय से खुले मैदान में कचरा फेंका जा रहा है। लगातार कचरा डंप होने के कारण यहां कूड़े का बड़ा पहाड़ खड़ा हो गया है। इससे आसपास रहने वाले लोगों को तेज दुर्गंध और गंदगी के कारण परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
पुलिस कॉलोनी के पीछे कचरे का अंबार, हवा के साथ घरों तक पहुंच रही दुर्गंध
स्थानीय लोगों के अनुसार, स्वच्छता कर्मियों द्वारा घरों से एकत्रित किए गए कचरे को निर्धारित एसएलआरएम सेंटर तक पहुंचाने के बजाय खुले मैदान में फेंका जा रहा है। लंबे समय से जारी इस गतिविधि के कारण पूरे मैदान में कचरे का ढेर जमा हो गया है। हवा चलने पर कचरे की दुर्गंध आसपास के घरों तक पहुंचती है, जिससे लोगों का रहना मुश्किल हो रहा है।
प्लास्टिक खा रहे मवेशी, कचरा जलाने से वातावरण में फैल रहा जहरीला धुआं
मौके पर पहुंची टीम को एक और चिंताजनक तस्वीर देखने को मिली। खुले में पड़े कचरे के बीच दर्जनों मवेशी प्लास्टिक और अन्य अपशिष्ट खाते नजर आए। इससे पशुओं के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा पैदा हो रहा है। वहीं, कचरे के कुछ हिस्सों में आग भी लगाई जा रही थी, जिससे निकलने वाला धुआं आसपास के वातावरण को प्रदूषित कर रहा है।
स्वच्छता कर्मियों के पास संसाधनों की कमी, थर्माकोल के फिश बॉक्स से हो रहा कचरा परिवहन
इस पूरे मामले में स्वच्छता व्यवस्था के लिए उपलब्ध संसाधनों पर भी सवाल उठ रहे हैं। नाम सार्वजनिक नहीं करने की शर्त पर कुछ स्वच्छता कर्मियों ने बताया कि पिछले कुछ सप्ताह से उन्हें पर्याप्त संसाधन उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं। मौके पर भी इसका उदाहरण देखने को मिला, जहां एक स्वच्छता दीदी थर्माकोल के फिश बॉक्स के माध्यम से कचरे का परिवहन करती नजर आईं।
यदि कर्मचारियों को पर्याप्त संसाधन उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं, तो यह भी निगम प्रशासन के लिए जांच का विषय है।
करोड़ों का स्वच्छता बजट, फिर भी निगरानी व्यवस्था पर सवाल
नगर निगम कोरबा द्वारा शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए करोड़ों रुपये खर्च किए जाते हैं। डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, एसएलआरएम सेंटर में कचरे का पृथक्करण और उचित निस्तारण जैसी व्यवस्थाएं संचालित हैं। इसके बावजूद यदि एक जोन में लंबे समय तक खुले में कचरा डंप होता रहे, तो संबंधित अधिकारियों की निगरानी और जवाबदेही पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
निगम आयुक्त ने लिया संज्ञान, जोन कमिश्नर से मांगा जाएगा जवाब
मामले को लेकर नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने कहा कि बालको जोन का मामला संज्ञान में आया है। इसकी जांच कराई जाएगी और संबंधित जोन कमिश्नर से जवाब मांगा जाएगा।
अब सफाई व्यवस्था के संपूर्ण इंचार्ज होंगे जोन कमिश्नर
निगम आयुक्त ने सफाई व्यवस्था में बदलाव की जानकारी देते हुए बताया कि अब सफाई कार्यों की संपूर्ण जिम्मेदारी जोन कमिश्नरों को सौंपी गई है। पहले यह व्यवस्था स्वास्थ्य अधिकारी के जिम्मे थी। अब सफाई कार्यों से संबंधित बिल जोन कमिश्नरों के माध्यम से सत्यापन के बाद ही पास होंगे। इसके लिए जोन कमिश्नर सीधे तौर पर जिम्मेदार होंगे। साथ ही अधिकारियों को प्रतिदिन सुबह 7 से 9 बजे तक फील्ड में रहकर सफाई कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।
नई व्यवस्था से सुधरेगी सफाई या कागजों तक सीमित रहेगी निगरानी?
बालको में सामने आया यह मामला केवल खुले में कचरा फेंकने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह निगम की सफाई व्यवस्था, संसाधनों की उपलब्धता और अधिकारियों की जवाबदेही से भी जुड़ा हुआ है। अब जबकि निगम आयुक्त ने सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी सीधे जोन कमिश्नरों को सौंप दी है, तो देखना होगा कि इस नई व्यवस्था का जमीन पर कितना असर दिखाई देता है।
सबसे बड़ा सवाल यही है कि पुलिस कॉलोनी के पीछे जमा कचरे के पहाड़ को आखिर कब हटाया जाएगा और खुले में कचरा डंप करने की इस व्यवस्था पर कब रोक लगेगी?