*बालपुर बाजार में अनिश्चितकालीन धरना शुरू, 14 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन तेज*

*बालपुर बाजार में अनिश्चितकालीन धरना शुरू, 14 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन तेज*

हमर छत्तीसगढ़ न्यूज नारायण राठौर

 

बिलाईगढ़। क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं और वर्षों से लंबित विकास कार्यों को लेकर बालपुर बाजार में अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू हो गया है। आंदोलनकारियों ने शासन-प्रशासन के समक्ष 14 सूत्रीय मांगें रखते हुए इनके शीघ्र निराकरण की मांग की है।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण विकास कार्य लंबे समय से लंबित हैं, जिसके कारण ग्रामीणों और आम नागरिकों को आवागमन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, सिंचाई और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

आंदोलन की प्रमुख मांगों में सरसीवां–पेंड्रावन–सरधाभाठा–बालपुर–कोसीर सड़क का निर्माण एवं मरम्मत, स्वामी आत्मानंद स्कूल भवन का निर्माण, जर्जर सड़कों की मरम्मत, 132 केवी पावर ट्रांसमिशन परियोजना का कार्य, एसडीएम एवं तहसील कार्यालय भवन का निर्माण, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की सुविधा, जिला सहकारी बैंक की शाखाओं की स्थापना, सिंचाई परियोजनाओं का विस्तार, पुल-पुलियों का निर्माण, शासकीय महाविद्यालय की स्थापना तथा विभिन्न जल प्रदाय योजनाओं को शीघ्र पूरा करने की मांग शामिल है।

धरना स्थल पर आंदोलनकारियों ने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं को लेकर कई बार शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया जा चुका है, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के कारण अब अनिश्चितकालीन आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा है।

आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक 14 सूत्रीय मांगों पर ठोस पहल नहीं होती और लंबित विकास कार्यों को गति नहीं दी जाती, तब तक धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। उन्होंने शासन-प्रशासन से जनहित को ध्यान में रखते हुए जल्द निर्णय लेने और क्षेत्र के विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ शुरू कराने की मांग की है।